द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-58 कोतवाली पुलिस ने मोबाइल चोरी और स्नेचिंग करने वाले एक शातिर आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान एटा निवासी निखिल मिश्रा उर्फ कन्हैया (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी व स्नेचिंग के तीन मोबाइल फोन, मोबाइल बेचकर बचे दो हजार रुपये, चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध चाकू बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, आरोपित को 30 सितंबर को सेक्टर-57 से लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथी के साथ चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर मोबाइल चोरी और स्नेचिंग की वारदात करता था।

सेक्टर-56 से चुराई थी बाइक
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि बरामद मोटरसाइकिल उसने सेक्टर-56 से चोरी की थी। इसी बाइक से उसने सेक्टर-58 क्षेत्र में एक व्यक्ति से आईफोन-14 प्रो मोबाइल फोन छीना था। आरोपित के मुताबिक, मोबाइल को उसने राह चलते व्यक्ति को सस्ते दाम में बेच दिया। मोबाइल बेचकर मिली रकम को उसने मौज-मस्ती में खर्च कर दिया, जबकि दो हजार रुपये उसके पास बचे थे।पुलिस बरामद किए गए अन्य मोबाइल फोन के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित के खिलाफ सेक्टर-58 थाने में चोरी, स्नेचिंग और आर्म्स एक्ट के तहत तीन मुकदमे दर्ज हैं।

खोड़ा में रह रहा था आरोपित
निखिल मिश्रा उर्फ कन्हैया मूलरूप से ग्राम सरौठ पक्षाया, थाना जसरथपुर, एटा का रहने वाला है। वर्तमान में वह खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद में रह रहा था।