द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : दिवाली से पहले ग्रेटर नोएडा की प्रमुख सड़कों पर रात में रोशनी बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण तीन प्रमुख मार्गों पर नई डेकोरेटिव स्ट्रीट लाइटें लगाने जा रहा है। करीब 6.46 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस काम से प्रमुख मार्गों पर रात में आवागमन आसान होने के साथ सड़क सुरक्षा भी बेहतर होगी। प्राधिकरण के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल ने बताया कि कुलेसरा हिंडन ब्रिज एंट्री प्वाइंट से हल्दौनी मोड़ तक करीब 1.50 किलोमीटर लंबे मार्ग पर 108 पोल लगाए जाएंगे। इनमें नौ मीटर ऊंचे डबल और सिंगल विंग पोल शामिल हैं। इस कार्य पर करीब 1.75 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसी तरह गैलेक्सी वेगा रोटरी से गौड़ सिटी अंडरपास और खैरपुर रोटरी से राजेश पायलट रोटरी तक करीब चार किलोमीटर मार्ग पर 217 पोल लगाए जाएंगे। इस पर करीब 98 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। स्ट्रीट लाइट लगने से आसपास की सोसायटियों में रहने वाले लोगों को रात के समय आवागमन में सुविधा मिलेगी।
ग्रेटर नोएडा की एंट्री भी होगी जगमग
वहीं, ग्रेटर नोएडा एंट्री प्वाइंट के पास चार मूर्ति चौराहे से एक मूर्ति रोटरी तक 130 मीटर चौड़ी सड़क पर नौ मीटर ऊंचे कोनिकल आर्च पोल लगाने की योजना है। इस काम की अनुमानित लागत 3.74 करोड़ रुपये है। इसके लिए ई-निविदा जारी की जा चुकी है। 28 सितंबर को प्री-बिड बैठक भी हो चुकी है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने अधिकारियों को तीनों मार्गों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, नई रोशनी व्यवस्था से इन प्रमुख मार्गों पर रात में सफर करने वाले लोगों को राहत मिलेगी और सड़क सुरक्षा भी मजबूत होगी।
