द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसाइटी में सुरक्षा जांच को लेकर एक स्कोडा कार सवार युवक और सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि चेकिंग के लिए गेट पर रोके जाने से नाराज युवक ने कार से सोसाइटी का बूम बैरियर तोड़ दिया और वहां से फरार हो गया। घटना का वीडियो सुरक्षाकर्मियों के मोबाइल फोन में कैद हो गया, जो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। बताया गया कि थाना सेक्टर-126 क्षेत्र की सुपरनोवा सोसाइटी के गेट पर सुरक्षाकर्मियों ने स्कोडा कार को सामान्य जांच और पूछताछ के लिए रोका था। इसी बात को लेकर कार सवार युवक की गार्डों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवक ने कार आगे बढ़ाकर बूम बैरियर को टक्कर मार दी और उसे तोड़ते हुए सोसाइटी से बाहर निकल गया।वायरल वीडियो और प्राथमिक जानकारी के आधार पर युवक की पहचान तुषार टाइगर के रूप में बताई जा रही है। आरोप है कि वह सोसाइटी के एस्पाइरा टावर में एयरबीएनबी का संचालन करता है। हालांकि, इन दावों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद हाईराइज सोसाइटी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। साथ ही सोसाइटी के फ्लैटों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने के आरोपों की भी चर्चा है।

आरोपी हुआ गिरफ्तार
पुलिस ने वायरल वीडियो और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आरोपी तुषार शर्मा को गिरफ्तार कर निरोधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।