द न्यूज़ गली, ग्रेटर नोएडा: गांधी-शास्त्री जयंती एवं अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर नॉलेज पार्क-2 स्थित रामलाल वृद्धाश्रम में गुरुकुल द म्युजिकोलॉजी फाउंडेशन की ओर से भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। भक्ति संगीत से सजी संध्या में बच्चों और कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे वृद्धाश्रम के वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बुजुर्गों ने भी प्रस्तुतियों का आनंद लेते हुए बच्चों और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ वृद्धाश्रम के बुजुर्गों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद सरस्वती वंदना और गणेश वंदना की प्रस्तुति से भजन संध्या का विधिवत शुभारंभ हुआ।

भजनों की प्रस्तुति
बच्चों और कलाकारों ने ‘राम आएंगे’, ‘रामा रामा’, ‘रघुपति राघव’, ‘हरे राम हरे राम’, ‘वीर हनुमाना’ और ‘हे दुखभंजन’ सहित विभिन्न भजनों की प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर गुरुकुल द म्युजिकोलॉजी फाउंडेशन की अध्यक्ष प्रियंका मिश्रा ने कहा कि जहां बुजुर्गों का सानिध्य होता है, वहां हमेशा समृद्धि और शांति रहती है। हमें बुजुर्गों के प्रति सम्मान, अपनापन और देखभाल की भावना को बनाए रखना चाहिए। भजन संध्या में मुख्य कलाकार अनामिका जोशी ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। उनके साथ हारमोनियम पर उपेंद्र कुमार, ढोलक पर अमित पॉल, की-बोर्ड पर संगीत जोशी तथा तबले पर आनंद मिश्रा और शिवम मिश्रा ने संगत की। फाउंडेशन के विद्यार्थियों पलक सिंह राजपूत, दिशा, शरद, शिवाय, साक्षी, शिवांशी और ऋत्विक ने भी विभिन्न प्रस्तुतियों में हिस्सा लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों को वृद्धाश्रम में मौजूद बुजुर्गों ने खूब सराहा और तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में बीएनआई की उपाध्यक्ष पूजा यादव, अक्षय यादव, विनिता गुप्ता और आराधना वर्मा सहित शिक्षक एवं अभिभावक मौजूद रहे। आनंद मिश्रा और आराधना वर्मा कार्यक्रम के संयोजक रहे। आयोजन को सफल बनाने में सभी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।