द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा में अवैध निर्माण और जमीन पर कब्जे के खिलाफ प्राधिकरण ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम ने पुराने हैबतपुर गांव के डूब क्षेत्र में बुलडोजर चलाकर करीब 40 हजार वर्ग मीटर जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यहां कॉलोनाइजर बाउंड्री बनाकर अवैध कॉलोनी बसाने की तैयारी कर रहे थे। एनजीटी के आदेश पर यह कार्रवाई की गई। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने परियोजना विभाग को अवैध निर्माण और जमीन पर कब्जे के खिलाफ अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं। अतिक्रमण हटाओ अभियान का नेतृत्व कर रहे प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति निर्माण करना नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों में प्राधिकरण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
बाउंड्री बनाकर कब्जाने की थी कोशिश
प्राधिकरण के परियोजना विभाग के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि ग्राम पुराना हैबतपुर के डूब क्षेत्र में करीब 40 हजार वर्ग मीटर जमीन पर कॉलोनाइजर अवैध कॉलोनी बसाने की फिराक में थे। इसके लिए जमीन पर बाउंड्री बनाकर कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी। सूचना मिलने पर परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-एक के वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। प्रबंधक प्रशांत समाधिया और अन्य कर्मचारियों ने पुलिस के सहयोग से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। साथ ही दोबारा अतिक्रमण करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
जमीन खरीदने से पहले करें जांच
एसीईओ सुमित यादव ने लोगों से अपील की कि वे कॉलोनाइजरों के झांसे में आकर अपनी मेहनत की कमाई न गंवाएं। ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से संपर्क कर जमीन के स्वामित्व, स्थिति और वैधता की पूरी जानकारी जरूर प्राप्त करें।
