-विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
-कार्यक्रम में परिवार के साथ शामिल हुए सोसायटी के लोग
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसायटी के क्लब हाउस में माधव फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित दीपावली उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। विशेष आयोजन में सोसाइटी के निवासियों, महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं, मनोरंजक गतिविधियों, आकर्षक स्टॉल और पारंपरिक परिधानों ने उत्सव को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में दीपावली की खुशियों, रचनात्मकता और सामुदायिक एकता की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान पैरामाउंट बिल्डर के मैनेजिंग डायरेक्टर शशांक अग्रवाल ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने महिलाओं, पुरुषों और बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लोगों को अपनी कला और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ-साथ आपसी संबंधों को मजबूत बनाने और खुशियां साझा करने का माध्यम भी बनते हैं। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एशिया पैसिफिक का खिताब प्राप्त कर चुकीं बिंदु भाटिया थीं। कार्यक्रम में माधव फाउंडेशन की संस्थापक चांदनी धवन के साथ पूर्वी शर्मा, शैली अहलावत, सुषमा चौधरी, अर्पणा, प्रेरणा चौधरी, सोनी बघेल और शालिनी चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

प्रतियोगिता का आयोजन
दिवाली उत्सव के दौरान बेस्ट ट्रेडिशनल लुक, दीया सजावट, रंगोली मेकिंग और डांस प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और कला का शानदार प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगी रंगोलियों, आकर्षक दीयों और पारंपरिक परिधानों ने उत्सव के माहौल को और भी खास बना दिया। कार्यक्रम में मनोरंजक खेल, दिवाली क्विज और लकी ड्रॉ भी आकर्षण का केंद्र रहे। इन गतिविधियों में सोसाइटी के निवासियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। बच्चों के लिए आयोजित गतिविधियों ने भी कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बनाए रखा। क्लब हाउस में फूड, फैशन, ज्वेलरी, गिफ्ट्स और फेस्टिव डेकोर से जुड़े विभिन्न स्टॉल लगाए गए। निवासियों ने इन स्टॉल्स पर खरीदारी करने के साथ-साथ लजीज व्यंजनों का आनंद लिया। कार्यक्रम के समापन पर माधव फाउंडेशन की संस्थापक चांदनी धवन और उनकी कोर टीम ने सभी अतिथियों, सहयोगियों, प्रतिभागियों तथा सोसाइटी निवासियों का आभार व्यक्त किया।

