-ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में हो रहा था अतिक्रमण
-40 हजार वर्ग मीटर जमीन पर अवैध निर्माण को तोड़ा
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: अधिसूचित क्षेत्र में हो रहे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को प्राधिकरण की टीम ने अधिसूचित क्षेत्र भनौता गांव में हो रहे अतिक्रमण को तोड़ दिया। कुछ घंटे तक चले अभियान में प्राधिकरण की टीम ने 40 हजार वर्ग मीटर जमीन पर अवैध निर्माण को तोड़ दिया। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण से मुक्त जमीन की कीमत लगभग 80 करोड़ रुपए है। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर भूलेख और परियोजना विभाग की टीम ने कार्रवाई की है। परियोजना विभाग के वर्क सर्किल दो की तरफ से यह कार्रवाई की गई है। कॉलोनाइजर यहां प्लॉटिंग करने की कोशिश कर रहे थे।

प्लाटिंग की कोशिश
भनौता गांव ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में आता है। नियम के तहत यहां पर बिना प्राधिकरण की अनुमति व नक्शा पास कराए निर्माण नहीं किया जा सकता है। प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि ग्राम भनौता के खसरा संख्या 132, 133 व 135 और आसपास की जमीन पर कॉलोनाइजर प्लॉटिंग की कोशिश कर रहे थे। यह प्राधिकरण की अर्जित एवं अधिसूचित भूमि है। प्राधिकरण के वर्क सर्किल 2 के वरिष्ठ प्रबंधक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में प्रबंधक रोहित गुप्ता, प्रबंधक अभिषेक सिंह, सहायक प्रबंधक मनोज चौधरी व प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मियों की टीम ने मंगलवार को यह कार्रवाई की। कार्रवाई लगभग दो घंटे चली। अधिकारियों ने दोबारा निर्माण करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
