-समान आकार के 8 भूखंडों का कराया गया ड्रा
-तीन भूखंडों का हुआ सीधा आवंटन
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण किसानों को आबादी भूखंड का आवंटन कर रहा है। मंगलवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में आबादी भूखंड के लिए ड्रा कराया गया। बिसरख व जलालपुर के 10 किसानों को 11, छह फीसदी आबादी भूखंड आवंटित किए गए। एक किसान को दो भूखंड का आवंटन किया गया। किसानों की मौजूदगी में ओएसडी गुंजा सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक नियोजन सुधीर कुमार, प्रबंधक प्रमोद कुमार व प्रबंधक कपिल तोंगड़ ने समान आकार वाले 8 भूखंडों का ड्रा कराया, जबकि 3 भूखंडों का आकार भिन्न होने के कारण ड्रा कराने की जरूरत नहीं पड़ी। इन भूखंडों को किसानों के नाम सीधे आवंटन कर दिया गया।

लंबे समय से था इंतजार
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने किसानों की जमीनों का अधिग्रहण कई साल पहले किया था। आबादी भूखंड पाने के लिए किसानों के द्वारा जनप्रतिनिधियों के साथ ही अधिकारियों से भी गुहार लगाई गई थी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आबादी भूखंड शीघ्र देने के निर्देष दिए थे। नियोजन विभाग और छह फीसदी आबादी भूखंड विभाग ने आवंटन प्रक्रिया को पूरा कराया। प्राधिकरण की ओएसडी गुंजा सिंह का कहना है कि किसानों को छह फीसदी आवासीय भूखंड देना प्राधिकरण की पहली प्राथमिकता है। बिसरख जलालपुर की तरह ही अन्य गांवों के पात्र किसानों को भी जल्द ही आबादी के भूखंड आवंटित किए जाएंगे।
