द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : सड़क किनारे अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शुक्रवार को अभियान चलाकर कार्रवाई की। अर्बन सर्विस विभाग की टीम ने तिलपता चौक से एक मूर्ति, एक मूर्ति से रोजा चौक, सेक्टर-16बी, एनटीपीसी सोसायटी और जगत फार्म मार्केट के आसपास अतिक्रमण हटाया।
अभियान के दौरान चुहड़पुर में सड़क किनारे अस्थायी ढांचे बनाकर संचालित की जा रही 12 अवैध दुकानों को ध्वस्त किया गया। इन दुकानों के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित हो रहा था। टीम ने मौके से तीन काउंटर, एक तख्त और एक टेबल भी जब्त किए। जब्त सामान को प्राधिकरण के स्टोर में जमा कराया गया। इसके अलावा शाहबेरी रोड और एटीएस सोसायटी के आसपास भी सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान रेहड़ी-पटरी और अन्य अस्थायी ढांचों को हटाया गया।

आगे भी जारी रहेगी कार्यवाही
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि सड़क किनारे रेहड़ी-पटरी, क्योस्क या अन्य अस्थायी दुकानें लगाकर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने अतिक्रमण करने वालों को सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जा न करने की चेतावनी दी है।
