द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सोमवार को गांव भनौता में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 20 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। जमीन पर कालोनाइजरों की ओर से अवैध प्लॉटिंग कर कॉलोनी बसाने की तैयारी की जा रही थी। प्राधिकरण के अनुसार मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत करीब 40 करोड़ रुपये है।
अवैध निर्माण के खिलाफ चल रहा है अभियान
प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जे और निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में परियोजना विभाग के उप महाप्रबंधक विजय कुमार रावल के नेतृत्व में वर्क सर्कल-2 के मैनेजर रोहित गुप्ता और अन्य कर्मचारियों की टीम भनौता पहुंची। टीम ने सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में खसरा संख्या 282 और 283 की जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। इसके बाद जमीन को प्राधिकरण के कब्जे में ले लिया गया।
बिसरख के डूब क्षेत्र में भी कार्रवाई
इससे पहले प्राधिकरण की टीम ने बिसरख के डूब क्षेत्र में भी अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की थी। यहां खसरा संख्या 135 और 153 की करीब पांच हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। कार्रवाई परियोजना विभाग के वर्क सर्कल-3 के प्रभारी प्रभात शंकर के नेतृत्व में की गई।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण या प्लॉटिंग करने की अनुमति नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से पूरी जानकारी प्राप्त कर लें। साथ ही अवैध कॉलोनियों में अपनी गाढ़ी कमाई नहीं फंसाने की अपील की।
