द न्यूज गली, नोएडा : रियल एस्टेट प्रोजेक्ट में निवेश कर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर एक कारोबारी से पांच करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। सेक्टर-20 कोतवाली पुलिस ने कारोबारी नितिन मेहता की शिकायत पर दिव्य कपूर, मानस कपूर, सोनिका कपूर, जिया शाह और रोहन ठानिया समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
होटल में हुई थी मुलाकात
कारोबारी को सेक्टर-18 स्थित एक होटल में रियल एस्टेट से जुड़ी बैठक के लिए बुलाया गया था। वहां उसकी मुलाकात दिव्य कपूर से हुई। आरोप है कि दिव्य कपूर ने कारोबारी संबंधों का हवाला देते हुए सेक्टर-129 स्थित रियल एस्टेट प्रोजेक्ट में निवेश का प्रस्ताव दिया। पांच करोड़ रुपये निवेश करने पर रकम दोगुनी करने का भरोसा दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने कारोबारी को सेक्टर-129 स्थित प्रोजेक्ट और कॉरपोरेट ऑफिस दिखाया। वहां प्रोजेक्ट में बड़े निवेश और कई कंपनियों से करार होने की बात बताकर उसे निवेश के लिए राजी किया गया।
दो दिन में दिए पांच करोड़
शिकायत के अनुसार, कारोबारी ने 10 मार्च को दो करोड़ और 11 मार्च को तीन करोड़ रुपये दिए। आरोप है कि यह रकम आरोपियों की मौजूदगी में दी गई थी। रकम देने के बाद जब कारोबारी ने निवेश और भुगतान के संबंध में जानकारी मांगी तो उसे जल्द रकम लौटाने का आश्वासन दिया गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी लगातार रकम वापस करने में टालमटोल करते रहे। इसी दौरान कारोबारी को कथित तौर पर पता चला कि जिस व्यक्ति को रियल एस्टेट प्रोजेक्ट का डायरेक्टर बताया गया था, वह संबंधित कंपनी में डायरेक्टर ही नहीं था।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले में कारोबारी ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। सेक्टर-20 कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
