-बेसमेंट के दमघोटू क्लास में हो रही थी पढ़ाई
-शिकायत के बाद हरकत में आया प्राधिकरण व शिक्षा विभाग
द न्यूज गली, नोएडा: सरकार ने सख्त निर्देश दिया है कि स्कूल व कोचिंग में छात्रों की सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ न किया जाए। बावजूद स्कूल प्रबंधन के द्वारा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। नोएडा के सेक्टर-21 में स्थित बाल भारती पब्लिक स्कूल ने छात्रों के सुरक्षा नियमों को ताक पर रख दिया है। बेसमेंट के दमघोटू माहौल में कक्षा का संचालन किया जा रहा है। जहां पर छात्रों को घुटन होती है। अभिभावक ने मामले की शिकायत जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग से की है। प्रशासन ने मामले में नोएडा प्राधिकरण को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा है।
नहीं है खिड़की
अभिभावक सुनील शर्मा ने जिला प्रशासन को दी शिकायत में कहा है कि उन्होंने सभी प्रकार की फीस जमा की है, जिसमें क्लास रूम में एसी का चार्ज भी शामिल है। स्कूल प्रबंधन के द्वारा 8-डी कक्षा का संचालन बेसमेंट में किया जा रहा है। जहां पर न तो खिड़की है और न ही वेंटीलेशन। साथ ही वहां पर आपातकालीन निकास भी नहीं है। अग्निसुरक्षा के कोई प्रबंध भी नहीं हैं। उनका कहना है कि क्लास में लगा एसी हमेशा खराब रहता है। पढ़ाई के दौरान क्लास में बच्चों का दम घुटता है। अभिभावक के द्वारा की गई शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है।


