-विद्यार्थियों को मिला स्वर्ण, रजत तथा कांस्य पदक
-विद्यार्थियों ने अपनी खुशी का किया इजहार

द न्यूज़ गली, ग्रेटर नोएडा: जीएल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च (GLBIMR), ग्रेटर नोएडा में पीजीडीएम बैच 2023–25 का 16वाँ दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि राजेश सिन्हा, प्रबंध निदेशक, जॉन डियर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड थे। इस अवसर पर जीएल बजाज एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन्स के उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए सभी स्नातक विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने नवस्नातकों का जीएल बजाज के सशक्त एलुमनाई परिवार में स्वागत किया। बताया कि संस्थान के एलुमनाई चैप्टर लंदन, दुबई तथा देश के विभिन्न शहरों में सक्रिय हैं, जो विद्यार्थियों को वैश्विक नेटवर्किंग एवं करियर विकास के उत्कृष्ट अवसर प्रदान कर रहे हैं।

जिम्मेदारी की शुरुआत
इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजेश सिन्हा ने कहा कि दीक्षांत समारोह किसी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि नई जिम्मेदारियों और उत्तरदायित्वों की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि नेतृत्व किसी पद या उपाधि का नाम नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने जीवन में मजबूत मूल्य प्रणाली (Value System) को अपनाएं, क्योंकि उद्योग जगत को केवल ज्ञान ही नहीं, बल्कि उत्कृष्ट कौशल, नैतिकता और सकारात्मक दृष्टिकोण वाले पेशेवरों की आवश्यकता है। संस्थान की निदेशक डॉ. सपना राकेश ने संस्थान की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक उपलब्धियों, उद्योग-अकादमिक सहभागिता, शोध, प्लेसमेंट, अंतरराष्ट्रीय सहयोग तथा विद्यार्थियों की विभिन्न उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। समारोह के दौरान पीजीडीएम बैच 2023–25 के विद्यार्थियों को औपचारिक रूप से डिप्लोमा प्रदान किए गए। साथ ही शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए स्नेहा प्रज्वल को स्वर्ण पदक, जया को रजत पदक तथा अखिल कुमार को कांस्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का उपस्थित जनसमूह ने जोरदार तालियों से अभिनंदन किया।