-उद्यमियों ने कहा आए दिन हो रही है परेशानी
-विधायक ने दिया समस्याओं को हल कराने का आश्वासन
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं, सीवर,टूटी सड़क, सफाई का अभाव सहित अन्य समस्याओं के कारण प्रतिदिन उद्यमियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। समस्याओं को हल कराने की मांग को लेकर उद्यमी संगठन इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए) के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक तेजपाल नागर से मुलाकात की। सभी समस्याओं के बारे में उन्हें अवगत कराया। विधायक ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उद्यमियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
इन समस्याओं से परेशान हैं उद्यमी
बैठक में आईबीए ने स्पष्ट किया कि औद्योगिक क्षेत्रों की वर्तमान प्राथमिकता थीम पार्क, सड़क चौड़ीकरण अथवा छह लेन सड़कें नहीं, बल्कि मूलभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण है। जब तक औद्योगिक क्षेत्र जलभराव, जर्जर जलनिकासी, खराब सीवर व्यवस्था, टूटी सड़कों, अपर्याप्त पथप्रकाश, अव्यवस्थित उद्यान व्यवस्था, स्वच्छता की कमी और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से जूझते रहेंगे, तब तक वास्तविक औद्योगिक विकास संभव नहीं है। प्रतिनिधिमंडल ने अनेक औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति के अभाव के बावजूद लाखों रुपये के जल बिल जारी किए जाने का मुद्दा उठाया। इस समस्या के न्यायसंगत एवं स्थायी समाधान के साथ पूर्णता प्रमाण-पत्र, कार्यशीलता प्रमाण-पत्र तथा अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने और प्रभावी एकल-खिड़की व्यवस्था लागू करने की मांग की गई। तेजपाल नागर ने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है। आईबीए अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि संगठन केवल समस्याएं उठाने वाला नहीं, बल्कि समाधान आधारित सोच के साथ कार्य करने वाला औद्योगिक मंच है। उन्होंने कहा कि जलभराव से मुक्ति, आधुनिक जलनिकासी, बेहतर सीवर, गुणवत्तापूर्ण सड़कें, पथप्रकाश, स्वच्छता, सुरक्षा, नियमित जलापूर्ति तथा जल बिलों की समस्या का समाधान ही वास्तविक औद्योगिक विकास का आधार है। महासचिव सुनील दत्त शर्मा ने कहा कि उद्यमी विकास के विरोधी नहीं, बल्कि योजनाबद्ध एवं प्राथमिकता आधारित विकास के पक्षधर हैं। मूलभूत सुविधाओं के अभाव में बड़े विकास कार्य भी अपेक्षित परिणाम नहीं दे सकते।
