-उद्यमियों ने की कर में छूट व सब्सिडी देने की मांग
-उद्यमियों ने की दो माह तक रियायत देने की मांग
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा:श्रमिक आंदोलन के बाद प्रदेश सरकार ने श्रमिकों के वेतन में 20 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोत्तरी की है। इससे उद्यमी संगठनों के ऊपर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। उद्यमी संगठनों ने संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता कर कहा कि वह सरकार के निर्णय में सरकार के साथ हैं और लागू भी करेंगे, लेकिन सरकार उद्यमियों को भी तो राहत दे। इस समस्त आर्थिक बोझ को सरकार भी किसी न किसी रूप में वहन करे। मांग की कि करों में छूट व सब्सिडी दी जाए। जिससे उद्यमियों को राहत मिले और लगे कि सरकार उनके साथ खड़ी है। उद्यमियों ने उम्मीद जताई है कि सरकार उनकी मांग को पूरा करेगी।
और बोझ न डालने की मांग
संयुक्त प्रेस वार्ता में ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के उद्यमियों ने कहा कि श्रमिकों के मध्य असामाजिक तत्वों द्वारा गौतमबुद्धनगर के औद्योगिक क्षेत्रों में आगजनी, तोड़फोड़ की घटनाएं की गई। आर्थिक बोझ को यदि समाहित भी कर लिया जाए तो भी औद्योगिक वातावरण जो उदंडता के बल पर सब कुछ हासिल करने की ताकत बनता नजर आया है। सरकार सुनिश्चित करे कि आगामी निकट भविष्य में अन्य किसी भी तरह का आर्थिक बोझ उद्योगों पर नहीं डाला जाएगा। साथ ही मांग की कि वर्तमान में सरकारी तंत्र द्वारा उद्योगों में इन निर्देशों के पालना करने की आड़ में निरीक्षण किए जा रहे हैं, जो कम से कम अगले दो माह तक रोके जाए ताकि उद्यमी को भी संभलने का मौका मिले। प्रेस वार्ता में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ग्रेटर नोएडा चैप्टर से चेयरमैन सरबजीत सिंह, जेएस राणा, अमित शर्मा, इंडियन इंटरप्रेन्योर एसोसिएशन से संजीव शर्मा, पुष्पेंद्र तिवारी, इंडियन बिज़नस एसोसिएशन से खुशबू, लघु उद्योग भारती से नरेश गुप्ता, संजय बत्रा एवं इकोटेक 12 एसोसिएशन से साहिल सहित अन्य लोग मौजूद थे।
