-25 से 29 सितंबर तक होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौधा संस्‍करण
-पुलिस, प्राधिकरण व उद्योग प्रतिनिधियों के साथ भी हुई बैठक

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की उल्‍टी गिनती शुरू हो गई है। शो के चौथे संस्‍करण को भव्य एवं सफल बनाने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा के सभागार में पुलिस व प्राधिकरण अधिकारियों, उद्योग प्रतिनिधियों व आरडब्ल्यूए के संगठनों फुनरवा एवं ग्रेटर नोएडा आरडब्ल्यूए के अध्यक्षों के साथ बैठक हुई। बैठक में पदाधिकारियों को ट्रेड शो में प्रतिभाग करने के लिए आमंत्रित करते हुए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। मंगलेश दूबे ने बताया कि उत्तर प्रदेश की कला, संस्कृति, व्यंजन एवं विभिन्न औद्योगिक उत्पादों को वैश्विक मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 का आयोजन 25 से 29 सितंबर 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा। ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश की समृद्ध कला, संस्कृति, शिल्प एवं व्यंजनों के साथ विभिन्न क्षेत्रों के उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके माध्यम से उद्यमियों, उत्पादकों एवं खरीदारों को व्यापारिक संभावनाओं के विस्तार के लिए एक व्यापक मंच उपलब्ध होगा।

नहीं लगेगा शुल्‍क
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने बताया कि ट्रेड शो में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। इसके लिए क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण किया जा सकता है। बिजनेस विजिटर्स के लिए प्रवेश का समय 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक तथा आम दर्शकों के लिए अपराह्न 3 बजे से रात्रि 8 बजे तक निर्धारित है। आयोजन स्थल पर निःशुल्क पार्किंग, रिटेल बिक्री तथा आकर्षक लकी ड्रॉ की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। ट्रेड शो से संबंधित कार्यक्रमों एवं प्रदर्शित उत्पादों की जानकारी UPITS-2026 मोबाइल ऐप के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में ओडीओपी, ओडीओसी, युवा उद्यमी, एमएसएमई, स्टार्टअप, डिफेंस एवं एयरोस्पेस, ऑटो एवं इलेक्ट्रिक वाहन, सिविल एविएशन एवं एमआरओ, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी, औद्योगिक अवस्थापना परियोजनाएं, बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाएं, रिटेल, ई-कॉमर्स, लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग, शिक्षा एवं कौशल विकास, प्रिंट एवं पैकेजिंग, कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र, हॉर्टिकल्चर एवं फूड प्रोसेसिंग, फिशरी एवं पशुपालन, फार्मा एवं हेल्थकेयर, नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन, हैंडलूम-हैंडीक्राफ्ट-खादी एवं टेक्सटाइल, वुडवर्क एवं फर्नीचर, स्पोर्ट्स-टॉयज एवं बेबी केयर, लेदर गुड्स एवं फुटवियर तथा टूरिज्म एवं फिल्म सहित विभिन्न क्षेत्रों के उत्पाद एवं सेवाएं प्रदर्शित की जाएंगी। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने फुनरवा एवं ग्रेटर नोएडा आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों सहित जनपदवासियों एवं उद्यमियों से अधिक से अधिक संख्या में ट्रेड शो में प्रतिभाग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश की कला, संस्कृति, व्यंजन एवं उत्पादों को करीब से जानने के साथ-साथ व्यापारिक एवं औद्योगिक संभावनाओं को समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्र, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, रजिस्ट्रार फर्म, सोसाइटी एवं चिट्स निखलेश राजन, एसीपी ग्रेटर नोएडा कृष्णपाल सिंह, सीईओ इंडिया एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा सुदीप सरकार सहित अन्‍य लोग मौजूद थे।