-किसानों ने मांग पूरी होने तक किया है धरने का एलान
-रात में किसानों ने रागिनी गाकर किया मनोरंजन
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के आह्वान पर नोएडा, ग्रेटर नोएडा व यमुना प्राधिकरण पर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना रात भर जारी रहा। किसानों ने घोषणा की है कि जब तक उनकी सभी मांग पूरी नहीं हो जाती धरना जारी रहेगा। रात में किसानों ने रागिनी गाकर मनोरंजन किया। राष्ट्रीय महामंत्री पवन खटाना ने कहा कि किसानों की मांगों को पूरा करने का तीनों प्राधिकरण के द्वारा लगातार आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन शासन स्तर पर कोई ठोस निर्णय नहीं हो रहा है। यदि मांगें नहीं मानी गईं तो तीनों प्राधिकरणों पर धरना अनिश्चितकाल के लिए जारी रहेगा। दूसरे दिन के धरने में भारतीय किसान यूनियन सर छोटू राम ने अपना समर्थन दिया।

किसानों की यह है मांग
धरने पर बैठे किसानों की मांग है कि भूमि अधिग्रहण के एवज में किसानों को 10 विकसित भूखंड दिया जाए। आबादी के निस्तारण और लीज बैक के लंबित मामलों का तत्काल समाधान किया जाए। बढ़े हुए दर से 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा दिया जाए। किसानों के बच्चों को रोजगार मिले, सर्किल रेट में पिछले 12 वर्षों से कोई बढ़ोतरी नहीं हुई, उचित बाजार दर पर मुआवजा दिया जाए। धरने में मीरा सिंह, आशु शर्मा, आगरा मंडल अध्यक्ष युवा विपिन यादव, मटरू नागर, अजीत अधाना, युवा मंडल अध्यक्ष आशु शर्मा, बलजीत नागर, राजे प्रधान, रॉबिन नागर, भगत सिंह, प्रधान प्रकाश, फौजी राकेश, बेली भाटी, गुलाब, ललित चौहान, लाला यादव, अमित डैढा, विकास भाटी, राकेश नंबरदार, जगत प्रधान, संजू सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।
