द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : दादरी विधानसभा क्षेत्र में बिजली, स्वास्थ्य, खेल और यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए कई बड़ी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। दादरी विधायक तेजपाल नागर ने प्रेसवार्ता में क्षेत्र में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दादरी में नए बिजलीघर का भूमि पूजन 20 सितंबर को सुबह 11 बजे होगा। इसके अलावा धूम के पास करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से 100 बेड का अस्पताल और करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम बनाया जाएगा।
विधायक के मुताबिक, दादरी शहर में गर्मियों के दौरान बिजली की समस्या को देखते हुए नए बिजलीघर को मंजूरी मिली है। नगर पालिका की ओर से इसके लिए जमीन उपलब्ध कराई गई है। नए बिजलीघर से दादरी शहर के अलावा चिटहेरा और धूम-मानिकपुर क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों को भी बिजली आपूर्ति में राहत मिलने का दावा किया गया है।
35 बीघा में बनेगा 100 बेड का अस्पताल
विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत धूम के पास करीब 35 बीघा जमीन में 100 बेड का अस्पताल बनाया जाएगा। परियोजना पर करीब 80 करोड़ रुपये खर्च होने की बात कही गई है। अस्पताल में करीब 35 विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती प्रस्तावित है। इससे दादरी विधानसभा क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
युवाओं के लिए बनेगा बड़ा स्टेडियम
क्षेत्र के युवाओं के लिए करीब 35 बीघा जमीन में स्टेडियम बनाने की योजना है। विधायक के अनुसार, इस पर करीब 20 करोड़ रुपये खर्च होंगे। स्टेडियम बनने से क्षेत्र के खिलाड़ियों को खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कुलेसरा-सूरजपुर-तिलपता मार्ग पर चल रहा काम
विधायक ने बताया कि कुलेसरा से सूरजपुर और तिलपता तक सीसी रोड का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। पहले काम में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया गया था। अब नए ठेकेदार से काम कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं को धरातल पर उतारने से पहले फाइलों और प्रशासनिक प्रक्रिया को पूरा करना जरूरी है।
दादरी-चिटहेरा मार्ग का होगा चौड़ीकरण
दादरी से चिटहेरा होते हुए बुलंदशहर और सिकंदराबाद को जोड़ने वाली सड़क के चौड़ीकरण का काम भी चल रहा है। विधायक के मुताबिक, सड़क के बीच डिवाइडर के साथ दोनों तरफ दो-दो लेन बनाई जा रही हैं। इसके अलावा नालों का निर्माण भी कराया जा रहा है। सड़क की जद में आने वाले बिजली के खंभों को हटाने के लिए संबंधित विभाग में धनराशि जमा कराई जा चुकी है। विधायक ने बताया कि रेलवे रोड समेत शहर के अन्य प्रमुख मार्गों का काम पूरा होने के बाद दादरी में जाम की समस्या कम होगी। बाईपास को लेकर उन्होंने कहा कि जमीन अधिग्रहण से जुड़े पुराने नियमों में बदलाव हुआ है और अब बैनामे के माध्यम से जमीन लेने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
विधायक ने दावा किया कि आगामी चुनाव से पहले क्षेत्र की कई बड़ी परियोजनाओं का काम धरातल पर शुरू हो जाएगा। इससे दादरी के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बिजली, स्वास्थ्य, सड़क और खेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
