द न्यूज गली,ग्रेटर नोएडा: रक्षपाल बहादुर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (आरबीएमआई) में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए भव्य फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों का संस्थान में स्वागत करने के साथ-साथ उनके बीच आपसी सौहार्द, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और टीम भावना को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के डायरेक्टर डॉ. श्याम अग्रवाल, डीन डॉ. मनमोहन सिंह एवं अन्य संकाय सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। डॉ. श्याम अग्रवाल ने कॉलेज जीवन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कॉलेज का समय केवल अकादमिक ज्ञान प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता, व्यावहारिक कौशल और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने फ्रेशर्स पार्टी जैसे आयोजनों को नए विद्यार्थियों के लिए एक-दूसरे से जुड़ने, अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और कॉलेज के वातावरण में सहजता से घुलने-मिलने का अच्छा अवसर बताया।

विभिन्न कार्यक्रमों की प्रस्तुति
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नृत्य और अन्य मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की आकर्षक प्रस्तुतियों और ऊर्जा से पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया। आयोजन ने नए विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने और कॉलेज जीवन की यादगार शुरुआत करने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम में विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं की घोषणा भी की गई। बी.एससी. की अंशिका को मिस फ्रेशर तथा बीसीए के यश को मिस्टर फ्रेशर चुना गया। वहीं, बीसीए की अफरीन को मिस ग्लैम तथा बीबीए के भविष्य को मिस्टर ग्लैम का खिताब प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, अनुष्का और लवी को बेस्ट परफॉर्मेंस के लिए चुना गया। विजेताओं को उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास और शानदार प्रदर्शन के लिए सराहा गया।



