द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : पानी के बकाया बिल पर ब्याज में छूट पाने के लिए ग्रेटर नोएडा के बकाएदारों के पास अब आखिरी मौका है। एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के तहत 31 अगस्त तक बकाया पानी के बिल की ब्याज राशि पर 20 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इसके बाद योजना समाप्त हो जाएगी और ब्याज पर कोई छूट नहीं मिलेगी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में तीन महीने के लिए ओटीएस योजना लागू की गई थी। इसके तहत 30 जून तक भुगतान करने वालों को ब्याज पर 40 प्रतिशत और 31 जुलाई तक भुगतान करने वालों को 30 प्रतिशत की छूट दी गई। अब 31 अगस्त तक बकाया जमा करने पर ब्याज में 20 प्रतिशत की छूट का लाभ लिया जा सकता है।
84 करोड़ रुपये पानी का बिल बकाया
प्राधिकरण के मुताबिक विभिन्न श्रेणी के आवंटियों पर करीब 84 करोड़ रुपये पानी के बिल का बकाया है। इसमें बिल्डर सोसायटियों के अलावा आवासीय, संस्थागत, औद्योगिक, आवासीय समितियों, आईटी और कॉमर्शियल श्रेणी के आवंटी शामिल हैं।
अधिकारियों ने बकाएदारों से ओटीएस का लाभ उठाकर निर्धारित समय सीमा में बकाया जमा करने की अपील की है। 31 अगस्त के बाद योजना स्वत: समाप्त हो जाएगी।
इस साल नहीं बढ़ा जल मूल्य
प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार की पहल पर वित्तीय वर्ष 2026-27 में जल मूल्य में वृद्धि नहीं की गई है। इससे पहले प्राधिकरण की ओर से प्रत्येक वर्ष जल मूल्य में 10 प्रतिशत की वृद्धि की जाती रही है।
