-छात्र सीखेंगे बचत, निवेश और अपने पैसे की सुरक्षा
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: गलगोटियास विश्वविद्यालय के छात्र अब बाज़ार की कार्यप्रणाली, अपनी बचत की सुरक्षा और ठगी की पहचान करना सीखेंगे। गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने पूंजी बाज़ार को दिशा देने वाले बीएसई लिमिटेड के साथ पांच वर्ष के समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया है। यह एमओयू राष्ट्रीय प्रतिभूति बाज़ार जागरूकता अभियान (एनएसएमएसी) के तहत हुआ है और इसके सत्र सेबी के प्रोजेक्ट जागरूक के अंतर्गत ‘मस्ट’ (मेंटरिंग ऑफ यूनिवर्सिटी/कॉलेज स्टूडेंट्स बाय ट्रेनर्स) पहल के माध्यम से आयोजित होंगे। एमओयू पर बीएसई लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुंदररामन राममूर्ति और गलगोटियास विश्वविद्यालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. ध्रुव गलगोटिया ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. एन. के. गौड़ के साथ हस्ताक्षर किए। करार पर डॉ. ध्रुव गलगोटिया ने कहा कि विकसित भारत के लिए ऐसी पीढ़ी चाहिए जो पैसे को उतने ही आत्मविश्वास से समझे, जितना तकनीक को। बीएसई के साथ यह सहयोग सुनिश्चित करेगा कि हमारे छात्र अनुमान के बजाय ज्ञान के आधार पर कमाएं, बचाएं और निवेश करें। हमारे शिक्षक और पूरा परिसर इस पहल के साथ पूरी तरह खड़े हैं।”

स्टूडेंट को मिलेगी यह जानकारी
बीएसई और राष्ट्रीय प्रतिभूति बाज़ार संस्थान (एनआईएसएम) विश्वविद्यालय के शिक्षकों को सेबी के स्मार्ट (सिक्योरिटीज़ मार्केट ट्रेनर्स) ढांचे के तहत पार्टनर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित और प्रमाणित करेंगे। बीएसई शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराएगा और सत्रों की गुणवत्ता की समीक्षा भी करेगा। छात्र बजट बनाने, बचत और चक्रवृद्धि ब्याज जैसी बुनियादी बातों से शुरुआत कर इक्विटी, म्यूचुअल फंड, आईपीओ, डेट इंस्ट्रूमेंट्स, निवेशक संरक्षण तथा ठगी और साइबर धोखाधड़ी से बचाव तक सीखेंगे। कार्यक्रम पूरी तरह निःशुल्क है और विश्वविद्यालय का लक्ष्य अंतिम वर्ष के सभी छात्रों को इससे जोड़ना है। प्रत्येक प्रतिभागी एनआईएसएम द्वारा आयोजित सेबी इन्वेस्टर अवेयरनेस टेस्ट (एसआईएटी) देगा और उत्तीर्ण होने पर उसे प्रमाणपत्र मिलेगा। पहले पार्टनर ट्रेनरों का प्रमाणन पूरा होते ही सत्र शुरू हो जाएंगे। एमओयू के बारे में राममूर्ति ने कहा कि यह साझेदारी छात्रों के लिए है। परीक्षा पास करने पर आपको दो चीज़ें मिलेंगी, समझदारी से निवेश करने की सच्ची समझ और एक प्रमाणपत्र, जिसे आप अपने भावी नियोक्ताओं को दिखा सकेंगे।


