द न्‍यूज गली,ग्रेटर नोएडा: शिक्षा और सामाजिक सेवा को समर्पित रूप सिंह फाउंडेशन की ओर से शनिवार को प्राथमिक विद्यालय खेड़ी नं.-1, प्राथमिक विद्यालय खेड़ी नं.-2 तथा प्राथमिक विद्यालय भनौता में मिशन शिक्षा, हर हाथ में कलम- चरण 1’ अभियान के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान तीनों विद्यालयों के सभी छात्रों को शैक्षणिक गतिविधि में सहभागिता करने का अवसर प्रदान किया गया। इस अवसर पर मेधावी छात्रों को पुरस्कार तथा शेष सभी विद्यार्थियों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। जिससे छात्रों में उत्साह और पढ़ाई के प्रति नई प्रेरणा देखने को मिली। प्राथमिक विद्यालय खेड़ी नं.-1 के प्रधानाध्यापक नज़ीर खान एवं समस्त विद्यालय स्टाफ ने रूप सिंह फाउंडेशन, संस्थापक हिमांशु टोंगर और सभी सम्मानित सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रेरणादायी विचारों और सहयोग से बच्चों को आगे बढ़ने का प्रोत्साहन मिला है। उन्होंने भविष्य में भी बच्चों के हित में ऐसे नेक कार्यों के लिए शुभकामनाएं और समर्थन देने की बात कही।