-मुख्‍यमंत्री के गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम का किया गया प्रसारण
-शिक्षामित्रों ने जताया प्रदेश सरकार का आभार

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: प्रदेश सरकार ने शिक्षामित्रों के मानदेय में बढ़ोत्‍तरी कर दी थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा गोरखपुर में शिक्षामित्र सम्मान एवं बढ़ा हुआ मानदेय वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद गौतम बुद्ध नगर सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों में किया गया। गौतम बुद्ध नगर में जीएनआईओटी कॉलेज, ग्रेटर नोएडा के ऑडिटोरियम में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां उपस्थित शिक्षामित्रों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा गोरखपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। जीएनआईओटी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के मुख्‍य अतिथि राज्य मंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास विभाग, उत्तर प्रदेश जसवंत सिंह सैनी थे। मानदेय बढ़ने पर शिक्षामित्रों ने प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ का आभार जताया।

सरकार का जताया आभार
इस अवसर पर जसवंत सिंह सैनी ने मानदेय में वृद्धि हेतु उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए मानदेय वृद्धि को लेकर शिक्षामित्रों को बधाई दी। उन्होंने शिक्षामित्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सरकार उनके हितों के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा मानदेय में वृद्धि उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी शिक्षामित्रों को बधाई देते हुए उनसे अपेक्षा की कि वे शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने में अपना योगदान निरंतर देते रहें।
इस अवसर पर शिक्षामित्रों को 18,000 मानदेय के प्रतीकात्मक चेक वितरित करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। जनपद में 628 शिक्षामित्र एवं 38 अनुदेशकों को मानदेय वृद्धि का लाभ प्राप्त हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह, विधायक दादरी तेजपाल नागर, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ,महानगर अध्यक्ष नोएडा महेश चौहान, डीएम मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, जीएनआईओटी कॉलेज के चेयरमैन राजेश गुप्‍ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार सहित अन्‍य लोग मौजूद थे।