द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : दनकौर थाना पुलिस ने गोकशी के मामले में करीब एक साल से फरार चल रहे ₹10 हजार के इनामी वांछित आरोपी नईम को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को मुरादनगर के मेरठ-दिल्ली रोड स्थित रावली रोड तिराहे से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ गोकशी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

2025 का है पूरा मामला
पुलिस ने बताया कि 17 सितंबर 2025 को चपरगढ़-ऐच्छेजा के जंगल में दो गोवंशीय पशुओं के वध की सूचना के आधार पर दनकौर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में पशु क्रूरता अधिनियम और गौवध निवारण अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
जांच के दौरान नईम पुत्र करमइलाही, निवासी मनिहारन वाली गली, कस्बा एवं थाना मुरादनगर, गाजियाबाद का नाम सामने आया। पुलिस के अनुसार, वह करीब एक वर्ष से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

एक आरोपी से हुई थी मुठभेड़
पुलिस ने बताया कि इस मुकदमे में आरोपी राजा पुत्र हाकमीन को 10 अक्टूबर 2025 को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, आसिफ पुत्र अब्दुल हसन उर्फ चुन्ना को 30 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया था।

11 मुकदमों में दर्ज है नाम
गिरफ्तार नईम के खिलाफ दनकौर, मुरादनगर और हापुड़नगर थानों में कुल 11 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इनमें कई मामले गौवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट के हैं। इसके अलावा उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के मुकदमे भी दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के आपराधिक इतिहास में वर्ष 2018 से 2023 तक दर्ज मुकदमे शामिल हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।