द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा:नॉलेज पार्क स्थित आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर्स पार्टी ‘रू-ब-रू 2026’ का आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘रेट्रो महफ़िल’ रही। जिसने पूरे परिसर को संगीत, मनोरंजन, प्रतिभा और युवा ऊर्जा से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम ने नए विद्यार्थियों के लिए महाविद्यालयी जीवन की एक यादगार और उत्साहपूर्ण शुरुआत का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद रैंप वॉक एवं परिचय राउंड आयोजित किया गया, जिसमें फ्रेशर्स ने आत्मविश्वास के साथ अपना परिचय देते हुए अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में आयोजित टैलेंट राउंड विद्यार्थियों के लिए अपनी रचनात्मकता, प्रतिभा और विशिष्टता प्रदर्शित करने का प्रमुख मंच बना। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार की प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन किया। इसके पश्चात जुनून क्लब और एनिग्मा क्लब की ऊर्जावान प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का संचार किया तथा दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

प्रतियोगिता का आयोजन
कार्यक्रम में आयोजित प्रश्नावली राउंड ने समारोह को और अधिक संवादात्मक एवं रोचक बनाया। इस राउंड के माध्यम से विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, त्वरित सोच और सहज अभिव्यक्ति को परखा गया। इसके बाद बहुप्रतीक्षित पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं और प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मिस्टर फ्रेशर्स का खिताब राघव वर्मा (बी.टेक) तथा रिशु (एमबीए) ने प्राप्त किया, जबकि मिस फ्रेशर्स का खिताब अक्षिता कंडपाल (बी.टेक) एवं ज्योति बृजवासी (एमबीए) के नाम रहा। वहीं मिस्टर टैलेंट का खिताब देवेश श्रीवास्तव (बी.टेक) तथा मिस टैलेंट का खिताब कृति गुप्ता (बी.टेक) ने हासिल किया।‘रू-ब-रू 2026 – रेट्रो महफ़िल’ संगीत, प्रतिभा, आत्मविश्वास और युवा ऊर्जा के शानदार संगम के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को आई.टी.एस. परिवार का हिस्सा बनने, एक-दूसरे से जुड़ने, अपनी प्रतिभा व्यक्त करने और नए मित्रों के साथ यादगार पल संजोने का अवसर प्रदान किया।


