द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने बंद मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 11 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और एक अवैध चाकू बरामद किया है। आरोपी की पहचान दादरी की बादशाह कॉलोनी निवासी सारमिन उर्फ शम्भू पुत्र इतवारी के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक, आरोपी को शुक्रवार को लेबर गोल चक्कर के पास से गिरफ्तार किया गया। वह घूम-फिरकर बंद मकानों की रेकी करता था और मौका मिलने पर घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लेता था। पुलिस टीम चोरी की घटनाओं के पर्दाफाश के लिए लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी।पुलिस ने बताया कि आरोपी ने बीटा-2 क्षेत्र के अल्फा-1 में करीब सात-आठ महीने पहले चोरी की थी। इसके अलावा फरवरी 2026 में अल्फा-2 और कुछ दिन पहले भी अल्फा-2 में सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने की बात सामने आई है। घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस ने करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद ली। इसके बाद आरोपी को चोरी के आभूषणों के साथ गिरफ्तार किया गया।

ये सामान हुआ बरामद
आरोपी के कब्जे से तीन पीली धातु के नेकलेस, दो मांग टीका, कानों के ऊपर पहनने वाली दो बारीक चेन, दो पाजेब, दो सैंपल, एक गले का हार, एक हाथ का ब्रेसलेट, बच्चों के हाथ के चार कड़े और चार बिछुए बरामद हुए हैं। इसके अलावा एक अवैध चाकू भी मिला है।

पहले से दर्ज हैं आठ मुकदमे
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ बीटा-2 और सूरजपुर थाने में चोरी, नकबजनी, चोरी का माल रखने और आर्म्स एक्ट से संबंधित कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2015 और 2016 के पुराने मुकदमे भी शामिल हैं। वर्तमान में उसके खिलाफ बीटा-2 थाने में चोरी और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।