द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना दादरी पुलिस ने अंतरराज्यीय दोपहिया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 18 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें कई मोटरसाइकिलों के पंजीकरण नंबर उपलब्ध हैं, जबकि कुछ के इंजन नंबर मिले हैं। एक आरोपित के पास से अवैध चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों को ग्राम कोट के सर्विस रोड स्थित श्मशान घाट के पास से गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपितों की पहचान दादरी की नई आबादी निवासी कलुआ (35), न्यादरगंज निवासी नितिन पंडित (18) और चिटहैरा स्थित डूडा कॉलोनी निवासी अनमोल भारती (18) के रूप में हुई है।
दिल्ली-एनसीआर में करते थे रेकी
पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। मौका मिलने पर बाइक चोरी करने के बाद उन्हें जंगल या सुनसान स्थान पर छिपा देते थे। इसके बाद राह चलते लोगों को कम कीमत में चोरी की बाइक बेच देते थे। बिक्री से मिलने वाली रकम को आपस में बांटकर निजी जरूरतों और शौक-मौज में खर्च करते थे।
