-चार दिनों में 12,500 करोड़ की कारोबारी पूछताछ
-वैश्विक खरीदारों से जुड़े यूपी के उद्यमी

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण ने महज चार दिनों में उत्तर प्रदेश के व्यापारिक सामर्थ्य को वैश्विक मंच पर नई पहचान दी है। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित हो रहे पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में 28 सितंबर तक ही 5,500 करोड़ यानी करीब 574 मिलियन अमेरिकी डॉलर के 3,765 व्यापारिक समझौतों (MoUs) पर हस्ताक्षर हो चुके हैं। इसके साथ ही देश-विदेश के खरीदारों और कंपनियों की ओर से 12,500 करोड़ की कारोबारी पूछताछ दर्ज की गई है। चार दिनों के दौरान दर्ज 3,765 एमओयू और 12,500 करोड़ की कारोबारी पूछताछ इस बात का संकेत है कि यूपीआईटीएस अब केवल प्रदर्शनी तक सीमित आयोजन नहीं रह गया है। यह उत्तर प्रदेश के उत्पादों, उद्यमियों और विनिर्माण क्षमता को बाजार से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण व्यापारिक मंच बनकर उभरा है।

ट्रेड शो में उमड़ी भीड
कारोबारी गतिविधियों के साथ यूपीआईटीएस 4.0 में बड़ी जनभागीदारी भी देखने को मिली है। 28 सितंबर तक के आधिकारिक संचयी आंकड़ों के अनुसार, ट्रेड शो में कुल 5,48,881 फुटफॉल दर्ज की गई। इसमें 1,56,523 घरेलू कारोबारी खरीदार और 3,92,358 सामान्य आगंतुक शामिल हैं। बड़ी संख्या में खरीदारों, उद्यमियों और आगंतुकों की मौजूदगी ने इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट के विभिन्न प्रदर्शनी हॉलों में लगातार कारोबारी गतिविधियों को गति दी है। ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘लोकल से ग्लोबल’ विजन के अनुरूप आयोजित यूपीआईटीएस 4.0 का शुभारंभ 25 को हुआ था। इस संस्करण में उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, स्थानीय उत्पादों और उद्यमिता को वैश्विक बाजार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है। देश-विदेश से आए खरीदारों के साथ सीधे संवाद और व्यापारिक समझौतों ने प्रदेश के एमएसएमई, ओडीओपी, हस्तशिल्प, हथकरघा, कृषि एवं विनिर्माण क्षेत्र के लिए नए बाजारों की संभावनाएं खोली हैं।