द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : पत्नी से विवाद के बाद मानसिक तनाव में आए 38 वर्षीय युवक ने इंस्टाग्राम पर आत्महत्या संबंधी वीडियो पोस्ट कर दिया और ट्रक लेकर निकल पड़ा। मेटा कंपनी की ओर से सोशल मीडिया अलर्ट मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई और रियल टाइम लोकेशन के आधार पर करीब 20 मिनट तक पीछा कर युवक को सुरक्षित ढूंढ लिया। ट्रक के अंदर फंदा तैयार मिला। पुलिस की काउंसलिंग के बाद युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस को मिला अलर्ट
पुलिस ने बताया कि 30 जून को सुबह 10:57 बजे मेटा कंपनी ने इंस्टाग्राम पर आत्महत्या संबंधी पोस्ट का अलर्ट पुलिस महानिदेशक मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को भेजा। मुख्यालय से सूचना तत्काल गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की मीडिया सेल को दी गई, जिसके बाद थाना दादरी पुलिस को युवक की लोकेशन उपलब्ध कराई गई।

लोकेशन के आधार पर किया पीछा
पुलिस टीम ने युवक की रियल टाइम लोकेशन के आधार पर उसका पीछा किया और करीब 20 मिनट बाद ट्रक को सुरक्षित रुकवाकर उसे नीचे उतारा। तलाशी लेने पर ट्रक में लगी लोहे की रॉड पर रस्सी का फंदा बंधा मिला। पुलिस ने युवक को शांत कराया, पानी पिलाया और उसके परिजनों को मौके पर बुलाया।

पूछताछ में युवक ने बताया कि पत्नी से विवाद के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। इसी वजह से उसके मन में आत्महत्या का विचार आया और उसने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया। उसने पुलिस को बताया कि यदि उसे समय रहते नहीं रोका जाता तो वह किसी सुनसान स्थान पर ट्रक खड़ा कर आत्महत्या कर लेता।

पुलिस ने काउंसलिंग कर युवक को समझाया, जिसके बाद उसने भविष्य में ऐसा कदम नहीं उठाने का आश्वासन दिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने समय रहते कार्रवाई कर युवक की जान बचाने के लिए पुलिस का आभार जताया।