-तिरथली गांव के किसानों को मिला भूखंड
-अधिकारियों का दावा शीघ्र विकसित होंगे भूखंड
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने किसानों को भूखंड आवंटित करने के मामले में अच्छी पहल की है। प्राधिकरण क्षेत्र में विभिन्न विकास योजनाओं के लिए किसानों की जमीन प्राधिकरण ने ली थी। योजना के तहत प्राधिकरण ने 320 किसानों को 7 प्रतिशत के भूखंड का आवंटन कर दिया। यह भूखंड तिरथली गांव के किसानों को दिए गए हैं। भूखंड का आवंटन ड्रा के माध्यम से हुआ। इस दौरान प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। खास बात है कि सभी किसानों को सेक्टर 29 तिरथली गांव में ही भूखंड का आवंटन हुआ है। भूखंड आवंटित होने पर किसानों ने प्राधिकरण अधिकारियों का आभार जताया।

जल्द होंगे विकसित
विकास योजनाओं के लिए यमुना प्राधिकरण के द्वारा विभिन्न गांवों की जमीनों का अधिग्रहण किया जा रहा है। साथ ही किसानों से जमीनें क्रय भी की जा रही हैं। तिरथली गांव में भी जमीनों का अधिग्रहण हुआ था। योजना के तहत उन किसानों को 7 प्रतिशत का भूखंड दिया जाना था। देखने में आ रहा है कि नोएडा व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के द्वारा कई साल पूर्व किसानों से जमीन ली गई थी लेकिन अभी तक उन्हें भूखंड नहीं मिला है। बड़ी संख्या में ऐसे भी मामले हैं जिसमें किसानों को गांव से दूर भूखंड आवंटित कर दिया गया है। अच्छी पहल करते हुए यमुना प्राधिकरण ने तिरथली गांव के किसानों को तिरथली में ही भूखंड दिया और भूखंड पाने के लिए किसानों को लंबा इंतजार भी नहीं करना पड़ा।
