-मांग के समर्थन में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर किया प्रदर्शन
-ओएसडी मुकेश कुमार को सौंपा मांगों का ज्ञापन
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: जमीनों का अधिग्रहण करने के दौरान ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने वादा किया था कि उसके क्षेत्र में आने वाले सभी गांवों में विकास कार्य होंगे। जमीनों का अधिग्रहण तो हो गया लेकिन गांवों में विकास कार्य आधे-अधूरे ही हुए। गांव में विकास कार्य न होने से ग्रामीणों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ता है। गांवों में विकास कार्य कराने की मांग के समर्थन में करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर प्रदर्शन किया। मांग की कि सभी गांवों में सड़क, सीवर, नाली, स्ट्रीट लाइट व अन्य विकास कार्य कराए जाएं। संगठन ने मांगों का ज्ञापन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार को सौंपा। प्रदर्शन संगठन के जिलाध्यक्ष प्रेम प्रधान के नेतृत्व में हुआ।
ग्रामीणों के साथ सौतेला व्यवहार
इस अवसर पर करप्शन फ्री इंडिया संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अंतर्गत आने वाले गांवों की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। गांवों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव होने के कारण ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की अनदेखी करना ग्रामीण जनता के साथ सौतेला व्यवहार करने जैसा है। प्रेम प्रधान ने कहा कि प्राधिकरण की लगातार अनदेखी के कारण ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में रोष व्याप्त है। संगठन द्वारा ज्ञापन के माध्यम से प्राधिकरण को झालड़ा, जुनेदपुर और कनारसी सहित अन्य गांवों की समस्याओं से अवगत कराया गया है। साथ ही दनकौर-सिकंदराबाद मार्ग तथा खेरली मोड़ से सिरसा तक सड़क के पुनर्निर्माण एवं चौड़ीकरण की मांग भी प्रमुखता से रखी गई है।उन्होंने कहा कि गांवों में सड़क, जल निकासी, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर किया जाना आवश्यक है। प्रदर्शन के दौरान बलराज हूण, ब्रह्मपाल कपासिया, रिंकू बैसला, कृष्ण नागर, ओमकार प्रधान, प्रीतपाल राठी, धर्मेंद्र भाटी, रोहताश नागर, बिजेंद्र नागर, मोहित कपासिया, कुलवीर भाटी, बबलू भाटी अजय भाटी नरेश मुखिया, अनिल नागर, जीतन नागर, विपिन बैसला, हिमांशु कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
