-सबसे पहले प्‍लास्टिक की एक दुकान में लगी थी आग
-पूरी तरह से अवैध है शाहबेरी की फर्नीचर मार्केट

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट के शाहबेरी में शुक्रवार रात में खलबली मच गई। एक के बाद एक फर्नीचर की 8 दुकानें आग की चपेट में आ गई। आग इतनी भीषण थी कि आस-पास रहने वाले लोग भी सहम गए। शाहबेरी के आस-पास चारों तरफ सड़क पर ट्रैफ‍िक रोक दिया गया इस कारण जाम लग गया। फायर विभाग के 30 वाहनों ने लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्‍कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि फायर विभाग की मुश्‍तैदी के कारण कई अन्‍य दुकानें आग की चपेट में आने से बच गई। संभावना जताई जा रही है कि आग में लगभग एक करोड़ रुपए का सामान जल गया। आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका है।

बनाई गई 6 टीम
चीफ फायर आफिसर प्रदीप कुमार ने बताया कि रात लगभग 10 बजकर 15 मिनट पर विभाग को आग लगने की सूचना मिली। मार्केट काफी संकरी होने के बावजूद, पुलिस, ट्रैफिक और फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीमों ने बिना समय गंवाए तुरंत मोर्चा संभाला। आग की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग स्टेशनों से फायर ब्रिगेड की लगभग 30 गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। आग पर काबू पाने के लिए 6 विशेष टीमें बनाई गईं, जिनकी पहली प्राथमिकता आग को आगे फैलने से रोकना था। फर्नीचर मार्केट होने के कारण वहाँ थिनर, सूखी लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामग्रियां मौजूद थीं, जिससे आग तेजी से भड़की। इस आग की चपेट में आने से लगभग 8 दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। फायर फाइटर्स की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के चलते आसपास की 15 से 20 दुकानों को आग से सुरक्षित बचा लिया गया। उन्‍होंने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आग एक प्लास्टिक की दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी और फर्नीचर मार्केट होने की वजह से तेजी से फैल गई। घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ है।