-मारपीट में दोनों गुट के छात्रों को आई है चोट
-मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नाम बड़े और दर्शन छोटे, कुछ ऐसी ही स्थिति हो गई है नामचीन बेनेट यूनिवर्सिटी की। नोएडा की सबसे महंगी यूनिवर्सिटी में शुमार बेनेट में लगातार विवाद के मामले सामने आ रहे हैं। अब नया विवाद छात्रों के दो गुटों के बीच कैंटीन में खाना खाने के दौरान हुआ। विवाद के बाद दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट में दोनों गुट के छात्रों को चोट आई है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यूनिवर्सिटी प्रबंधन पूरे मामले की जांच करा रहा है, जांच के बाद दोनों गुट के छात्रों पर कार्रवाई की बात कही जा रही है। कुछ दिन पूर्व भी बेनेट यूनिवर्सिटी में छात्राओं के बीच मारपीट का मामला सामने आया था।


खाना खाने के दौरान विवाद
यूनिवर्सिटी में ही कैंटीन है, दिन में खाना खाने के लिए बड़ी संख्‍या में छात्र वहां पर मौजूद थे। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कैंटीन में काफी छात्र खाना खा रहे थे, इस दौरान दो गुटों के छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। तू-तू-मैं-मैं के बाद विवाद मारपीट तक पहुंच गया। दोनों गुट के छात्रों ने एक-दूसरे को थप्‍पड़ व घूसे मारे। वहां पर मौजूद गार्ड ने लड़ाई रोकने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सका। कैंटीन में मौजूद अन्‍य छात्रों ने दोनों गुट के छात्रों को अलग किया, जिसके बाद लड़ाई बंद हुई।