-नियुक्ति पत्र पाकर युवाओं के चेहरे पर आई खुशी
-रोजगार महोत्‍सव में 4911 प्रतिभागियों ने लिया हिस्‍सा

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: युवाओं को रोजगार उपलब्‍ध कराने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत गौतमबुद्धनगर में रोजगार महोत्‍सव का आयोजन किया गया। जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने बताया कि मेले में आर्य फैशन, यामाहा, सैमसंग, डेंसो, जूबिलेंट फूड, मदरसन, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसी बैंक सहित लगभग 113 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्‍सा लिया। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में 4911 प्रतिभागियों में से 1790 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार के उपरांत चयन किया गया। प्रभारी मंत्री ने सभी को नियुक्ति पत्र सौंपा। आठवीं पास, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, बी.टेक, बीबीए, एमबीए, फार्मेसी सहित स्नातक एवं स्नातकोत्तर योग्यता वाले युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह सफल आयोजन न केवल युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में सार्थक सिद्ध हुआ, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर एक सशक्त कदम भी साबित हुआ।

सपना हो रहा साकार
इस अवसर पर जिले के प्रभारी राज्य मंत्री लोक निर्माण विभाग उत्तर प्रदेश बृजेश सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे रोजगार महोत्सव युवाओं के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से निरंतर परिश्रम, कौशल विकास एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर विधायक दादरी तेजपाल नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिला पंचायत सदस्य देवा भाटी, अपर जिलाधिकारी बच्चू सिंह, प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद मिश्रा सहित अन्‍य लोग मौजूद थे।