-उद्योगों को राहत प्रदान करने के लिए नए निर्णय लेने की मांग
-हाई पावर कमेटी ने दिया मांगों को पूरा करने का आश्‍वासन

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: शासन स्‍तर से गठित हाई पॉवर कमेटी ने उद्यमी संगठनों के साथ बैठक की। कमेटी के सदस्‍यों ने उद्यमियों के साथ वर्तमान हालातों पर चर्चा की। सरकार के द्वारा वेतन बढ़ोत्‍तरी के निर्णय को तत्‍काल लागू करने का निर्देश दिया। एमएसएमई उद्योगों पर बढ़ते आर्थिक दबाव एवं हालिया वेतन वृद्धि के प्रभाव के संबंध में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने औद्योगिक विकास आयुक्त (IIDC) लखनऊ को संबोधित ज्ञापन दिया। अधिकारियों द्वारा यह आश्वासन दिया गया कि उद्यमियों द्वारा उठाई गई सभी मांगों एवं समस्याओं पर शासन स्तर पर सकारात्मक एवं प्राथमिकता के आधार पर विचार किया जाएगा और शीघ्र ही आवश्यक कदम उठाने का प्रयास किया जाएगा।

राहत प्रदान करने की मांग
उद्यमियों ने अपने ज्ञापन के माध्यम से स्पष्ट रूप से बताया कि वर्तमान समय में एमएसएमई सेक्टर कच्चे माल की बढ़ती कीमतों, ऊर्जा लागत में वृद्धि, वेतन वृद्धि के अतिरिक्त दबाव, नियामकीय जटिलताओं एवं बाजार की अनिश्चितताओं के कारण गंभीर आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में उद्योगों को राहत प्रदान करने हेतु तत्काल नीति समर्थन एवं संतुलित निर्णय अत्यंत आवश्यक हैं। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास आयुक्त (IIDC) दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव (औद्योगिक विकास, MSME एवं निर्यात प्रोत्साहन) आलोक कुमार, गौतमबुद्ध नगर की डीएम मेधा रूपम, ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के OSD नवीन कुमार सिंह, आयुक्त उद्योग गौतमबुद्ध नगर पंकज निरंजन एवं उप श्रमायुक्त गौतमबुद्ध नगर राकेश द्विवेदी मौजूद थे। साथ ही इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के अध्‍यक्ष अमित उपाध्‍याय, महासचिव सुनील दत्त शर्मा, वाइस प्रेसिडेंट नरेश चौहान, सुधीर त्यागी, किशन शर्मा, डॉ. खुशबू सिंह एवं अन्य औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। IBA के पदाधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि शासन एवं प्रशासन द्वारा उद्यमियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा, जिससे उद्योगों की निरंतरता एवं रोजगार के अवसर सुरक्षित रह सकें।