-25 साल पूर्व बसा सेक्‍टर पर नहीं बनाई चारदीवारी
-सेक्‍टर के लोग पूर्व में भी कर चुके हैं चारदीवारी बनाने की मांग

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बीटा एक सेक्‍टर को लगभग 25 वर्ष पूर्व बसाया था, लंबा समय बीत जाने के बावजूद सेक्‍टर की सुरक्षा को पुख्‍ता करने के लिए चारदीवारी नहीं बनाई गई है। लोगों का कहना है कि सेक्‍टर में असमाजिक तत्‍व प्रवेश कर जाते हैं और चोरी की घटनाएं होती हैं। आरडब्‍ल्‍यूए के नेतृत्‍व में सेक्‍टर के लोगों ने शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव से मुलाकात की। लोगों ने अपनी पीड़ा को अधिकारी के सामने रखा। ज्ञापन देकर मांग की कि सेक्‍टर में जल्‍द से जल्‍द चारदीवारी बनाई जाए।

तार की घेराबंदी
सेक्‍टर की आरडब्‍ल्‍यूए अध्‍यक्ष संगीता शर्मा व महासचिव हरेंद्र भाटी का कहना है कि लगभग 25 वर्ष पहले सेक्टर के निर्माण के बाद से आज तक यहां स्थायी चारदीवारी नहीं कराई गई। वर्तमान में केवल कंटीले तारों का अस्थायी घेरा बनाया गया था। यह तार अब जर्जर हो चुका है और सुरक्षा के लिहाज से पूरी तरह नाकाफी साबित हो रहा है। सेक्टर की सुरक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है। इससे चोरी, असामाजिक गतिविधियों और पशुओं के प्रवेश की घटनाओं का खतरा बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि मामले को पहले भी ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सामने उठाया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। प्रतिनिधिमंडल में संरक्षक देवी शरण शर्मा, विनोद कसाना, विपिन भाटी, राजवीर सिंह, ओमप्रकाश शर्मा, चौधरी जयपाल सिंह सहित अन्‍य लोग मौजूद थे।