-तीनों गांवों की आपूर्ति प्‍यावली उपकेंद्र से जोड़ने का विधायक ने किया शुभारंभ
-ग्रामीणों ने विधायक तेजपाल नागर का जताया आभार

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: गर्मी के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती की समस्‍या शुरू हो जाती है। ग्रामीणों को कम से कम बिजली कटौती का सामना करना पड़े इसे देखते हुए विधायक तेजपाल नागर ने तीन गांव ऊंचा अमीरपुर, खंगोड़ा एवं महाराजगढ़ी के विद्युत उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिसके तहत इन ग्रामों को दादरी खंड के प्यावली उपकेन्द्र से जोड़ने के कार्य का विधिवत शुभारंभ तेजपाल नागर ने किया। ग्रामीणों ने विधायक का आभार जताया।

गुणवत्‍ता में होगा सुधार
अभी तक यह गांव उपकेंद्र मसूरी (जनपद हापुड़) से विद्युत आपूर्ति प्राप्त कर रहे थे। नई व्यवस्था के अंतर्गत इन्हें दादरी खंड के प्यावली उपकेन्द्र से जोड़ा जाएगा, जिससे विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। इस अवसर पर तेजपाल सिंह नागर ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने के पश्चात संबंधित ग्रामों में विद्युत आपूर्ति अधिक सुचारु एवं स्थिर होगी। साथ ही लाइन लॉस में कमी आएगी और किसी भी तकनीकी खराबी (फाल्ट) की स्थिति में त्वरित समाधान संभव हो सकेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी और आमजन को विद्युत संबंधी समस्याओं से राहत प्राप्त होगी। विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि ग्राम ऊंचा अमीरपुर से खंगोड़ा तक लगभग 3.5 किलोमीटर लंबी विद्युत लाइन का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य को 45 दिनों की निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। जिसकी अनुमानित लागत 121 लाख है। कार्य पूर्ण होने के पश्चात क्षेत्र के नागरिकों को इसका सीधा लाभ प्राप्त होगा।