-घटना के दौरान वहां से गुजरने वाले लोग बाल-बाल बचे
-लोगों ने सोसायटी में निर्माण की गुणवत्‍ता पर उठाया सवाल

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा:ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट की गौड़ सिटी सोसायटी आए दिन किसी न किसी कारण से चर्चा में रहती है। सोमवार को सोसायटी में एक बड़ा हादसा टल गया। सोसायटी के बी टॉवर में ऊपर के एक फ्लैट की टाइल्‍स टूटकर नीचे गिरी। घटना में वहां से गुजरने वाले लोग बाल-बाल बच गए। लोगों ने बताया कि सुबह के समय स्‍कूल जाने के लिए काफी बच्‍चे भी वहां से निकलते हैं, गनीमत थी कि घटना के वक्‍ता वहां पर बच्‍चे नहीं थे। अन्‍यथा कोई बड़ी घटना हो सकती थी। लोगों का कहना है कि घटना की जानकारी देने के बाद भी मौके पर गार्ड व मेंटेनेंस टीम का कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा।

गुणवत्‍ता पर सवाल
सोसायटी में जगह-जगह प्‍लास्‍टर टूट गया है। प्‍लास्‍टर के टुकड़े अक्‍सर नीचे गिरते रहते हैं। साथ ही कई बार बालकनी व छतों पर रखा सामान भी नीचे गिरता रहता है। टाइल्‍स टूटकर गिरने के मामले में सोसायटी के लोगों ने निर्माण की गुणवत्‍ता पर सवाल उठाया है। लोगों का कहना है कि घटना के दौरान यदि वहां पर कोई व्‍यक्ति खड़ा होता तो वह गंभीर रूप से घायल हो सकता था। लोगों ने मांग की है कि मेंटेनेंस टीम को ध्‍यान देना चाहिए और शिकायत का तत्‍काल संज्ञान लिया जाना चाहिए।