द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: शारदा विश्वविद्यालय ने समाज की सेवा करते हुए वैश्विक स्तर पर उच्च शिक्षा, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के अपने दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए एक नई पहल की शुरुआत की है। डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर कार्यालय द्वारा श्री पीके गुप्ता एक्सीलेंस अवॉर्ड की स्थापना की गई है। यह पुरस्कार प्रत्येक वर्ष उत्कृष्टता, सेवा और विशिष्ट उपलब्धियों के सम्मान में प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर उन विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में बल्कि खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों, एनएसएस और एनसीसी जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। साथ ही, छात्र कल्याण और कैंपस गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले छात्र परिषद के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की विविधता स्पष्ट रूप से देखने को मिली।  जहां विभिन्न राज्यों और देशों से आए छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक सोसायटी के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले क्लबों के सम्मान से हुई। बाद में एनसीसी और एनएसएस के विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

समग्र व्‍यक्तित्‍व विकास
सत्र 2025–26 के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले क्लब को विशेष रोलिंग ट्रॉफी प्रदान की गई, जो निरंतर उत्कृष्टता, टीम भावना और समर्पण का प्रतीक है। इस वर्ष यह सम्मान म्यूजिक क्लब के बैंड एनिमोसिटी और स्पोर्ट्स सोसायटी की वॉलीबॉल टीम को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। इस अवसर पर शारदा विश्वविद्यालय के चांसलर पीके गुप्ता ने कहा शारदा विश्वविद्यालय में पीके गुप्ता एक्सीलेंस अवॉर्ड की स्थापना हमारे उस संकल्प का प्रतीक है, जिसमें हम केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि समग्र व्यक्तित्व विकास को भी समान महत्व देते हैं। हमें गर्व है कि हमारे विद्यार्थी शिक्षा, खेल, संस्कृति और सामाजिक सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। यह पहल उन सभी छात्रों के प्रयासों, समर्पण और नेतृत्व क्षमता को सम्मानित करने का एक माध्यम है। मेरा विश्वास है कि ऐसे मंच युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति और अधिक प्रतिबद्ध बनाएंगे।