द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: स्पर्श इंटरनेशनल स्कूल में दो दिवसीय शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में एकाग्रता, अनुशासन, आत्मविश्वास तथा खेल भावना का विकास करना था। प्रतियोगिता में विद्यालय के विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। साथ ही अनेक अन्य विद्यालयों के प्रतिभागियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक एवं प्रतिस्पर्धात्मक बना दिया। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध भारतीय तैराक भानु सचदेवा थे। उन्हें 1998 में राष्ट्रपति द्वारा अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। उनकी प्रेरणादायक उपस्थिति ने विद्यार्थियों में विशेष उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भानु सचदेवा, स्पर्श समूह के सीईओ डॉ. अमित सक्सेना एवं प्रधानाचार्या ज्योति राणा द्वारा दीप प्रज्वलित हुआ।

छात्रों को किया प्रोत्साहित
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर भानु सचदेवा ने विद्यार्थियों को खेलों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निशानेबाजी केवल एक खेल नहीं, बल्कि धैर्य, संयम और मानसिक संतुलन का उत्कृष्ट उदाहरण है। उनके प्रेरणादायक शब्दों ने विद्यार्थियों को नई ऊर्जा एवं आत्मविश्वास प्रदान किया।प्रतियोगिता प्रारंभ होने से पूर्व प्रतिभागियों को नियमों एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देशों की जानकारी दी गई। शूटिंग प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने अपने उत्कृष्ट कौशल, एकाग्रता एवं आत्मविश्वास का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। सभी खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ निशाना साधा। दर्शकों ने तालियों एवं उत्साहवर्धन के माध्यम से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जिसने कार्यक्रम को अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक बना दिया।


