-कम उपस्थिति के आधार पर काफी छात्रों को रोका गया
-छात्रों के सामने साल खराब होने का संकट
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क स्थित लॉयड कॉलेज में एलएलबी के काफी छात्रों को परीक्षा देने से रोक दिया गया। कॉलेज के द्वारा इसका कारण छात्रों की कम उपस्थिति बताई जा रही है। छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन पर मनमानी करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि ऊंचा सोर्स लगाने वाले छात्रों की कम उपस्थिति को बढ़ा कर उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति दी गई। साथ ही छात्रों ने उपस्थिति बढ़ाने के लिए पैसा मांगने का भी आरोप लगाया है। मामले में कॉलेज के डायरेक्टर डाक्टर अखिलेश खान का कहना है कि नियम के तहत जिन छात्रों की उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम थी उन्हें परीक्षा में बैठने से रोका गया है।
कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
परीक्षा देने से रोके गए छात्रों ने बार काउंसिल गौतबुद्धनगर के पूर्व अध्यक्ष उमेश भाटी व अन्य अधिकारियों से शिकायत की है। उमेश भाटी का कहना है कि नियम के तहत कॉलेज किसी को परीक्षा देने से नहीं रोक सकता है लेकिन कॉलेज प्रबंधन अपनी मनमानी कर रहा है। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन से अपील की है कि छात्रों को परीक्षा देने से न रोका जाए। यदि छात्रों को परीक्षा देने से रोका गया तो कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।


