-भाजपा कार्यकर्ताओं ने सपा के खिलाफ जमकर की नारेबाज़ी
-कहा विपक्ष की अमर्यादित राजनीति लोकतांत्रिक मूल्यों पर आघात
द न्यूज गली,ग्रेटर नोएडा:भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने डीएम कार्यालय सूरजपुर पर सपा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने महोबा से समाजवादी पार्टी के सांसद अजेन्द्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति की गई टिप्पणी को लोकतांत्रिक गरिमा और राजनीतिक शिष्टाचार पर आघात बताया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही। भाजपा ने सपा से लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करने, समाज में सौहार्द बनाए रखने तथा सार्वजनिक जीवन में शालीन एवं जिम्मेदार भाषा के प्रयोग की अपील की।

भाषा को रखें संयमित
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन राजनीतिक विरोध के नाम पर व्यक्तिगत मर्यादा, सामाजिक सम्मान और भारतीय संस्कारों को ठेस पहुँचाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब राजनीतिक दलों का नेतृत्व ही मर्यादाओं की अनदेखी करने लगे तो उनके कार्यकर्ताओं से संयमित भाषा और शालीन आचरण की अपेक्षा करना कठिन हो जाता है। भाजपा ने स्पष्ट किया कि पार्टी सदैव भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों की पक्षधर रही है। किसी भी वर्ग, समाज अथवा राष्ट्र नेतृत्व के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक संस्कृति को दूषित करता है और सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुँचाता है। इस अवसर पर सुभाष भाटी, वीरेन्द्र भाटी, सतेन्द्र नागर, कर्मवीर आर्य, संजय चेची, पवन रावल, विकाश चौधरी, डिम्पल, आनंद, सत्यपाल शर्मा, महेश शर्मा, रजनी तोमर, वंदना वानखेड़े, राज नागर, योगेश चौहान, मुकेश भाटी, अन्नू सिंह, डॉ. आरती शर्मा, मनोज मावी, भगवत प्रसाद शर्मा, विशाल कुमार, सुनील, संदीप शर्मा, विजय कसाना, अशोक रावल, अश्वनी गोयल, लोकेश त्यागी, ज्योति सिंह, गायत्री, उषा वत्स, हेमंत त्यागी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
