-प्राधिकरण अधिकारियों के सामने लोगों ने रखा अपना पक्ष
-लोगों ने प्राधिकरण अधिकारियों पर लगाया कार्रवाई न करने का आरोप

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: आवारा कुत्‍तों की समस्‍या से ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट की महागुन मायवुड्स सोसायटी में रहने वाले सभी लोग परेशान हैं। लोगों ने प्राधिकरण कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से वार्ता की। लोगों ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का आदेश है कि जहां पर सड़क है और लोगों का आना-जाना है वहां पर फीडिंग प्‍वाइंट न बनाए जाएं लेकिन सोसायटी में इस नियम का पालन नहीं हो रहा है। सोसायटी में मुख्‍य सड़क के बगल में ही फीडिंग प्‍वाइंट बना दिया गया है, इस कारण सोसायटी के लोग परेशान हैं। लोगों ने मांग की कि सुप्रीम कोर्ट के नियमों का पालन करते हुए फीडिंग प्‍वाइंट बनवाया जाए।

कई लोगों को काट चुके हैं कुत्‍ते
सोसायटी के लोगों का कहना है कि सोसायटी में आवारा कुत्‍तों की संख्‍या लगातार बढ़ती जा रही है। सोसायटी में जगह-जगह आवारा कुत्‍ते बैठे रहते हैं, पिछले कुछ माह के दौरान ही कुत्‍ते कई लोगों पर हमला कर चुके हैं। बच्‍चे सोसायटी के पार्क में जाने से बचते हैं। कुत्‍तों के कारण लोगों में डर व्‍याप्‍त हो गया है। प्राधिकरण अधिकारियों से वार्ता के दौरान बहस भी हुई। लोगों ने आरोप लगाया कि वार्ता के दौरान प्राधिकरण अधिकारियों ने उनके साथ गलत व्‍यवहार किया।