-टोल दरों में वृद्धि के लिए तैयार किया गया था प्रस्ताव
-विधायक धीरेंद्र सिंह ने की थी टोल दरों में वृद्धि न करने की मांग
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे पर टोल दरों में वृद्धि करने के लिए प्रस्ताव तैयार किया था। संभावना जताई जा रही थी टोल दरों में किसी भी वक्त वृद्धि हो सकती है। टोल दरों को न बढ़ाने की मांग विधायक धीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की थी। जनता के हितों को देखते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और टोल दरों में वृद्धि न करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा टोल दरों में वृद्धि न करने के निर्णय का विधायक धीरेंद्र सिंह ने स्वागत किया है।
जनता को मिलेगी राहत
जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह का कहना है कि वर्तमान वैश्विक एवं राष्ट्रीय आर्थिक परिस्थितियों के बीच यह फैसला लाखों दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, छोटे व्यापारियों एवं क्षेत्रीय उद्योगों को बड़ी राहत प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यमुना एक्सप्रेसवे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जीवनरेखा बन चुका है तथा टोल दरों में किसी भी अतिरिक्त वृद्धि का सीधा प्रभाव आम नागरिकों की जेब पर पड़ता। जनप्रतिनिधि होने के नाते उनका दायित्व है कि जनता पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े तथा विकास और जनसुविधा के बीच संतुलन बना रहे। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय जनता की भावनाओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुनने और संवेदनशील निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री जी का पूरा क्षेत्र हृदय से आभारी है।उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास के साथ-साथ जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और भविष्य में भी जनता की समस्याओं एवं हितों को लेकर निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
