-सरकारी विभागों में काम न होने पर जताया दुख
-सरकारी व्‍यवस्‍था को प्रभावी और पारदर्शी बनाने की मांग

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: महिला शक्ति उत्‍थान मंडल की सदस्‍यों ने विभिन्‍न मांगों के समर्थन में प्रधानमंत्री व गृह मंत्रालय को संबोधित ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने आरोप लगाया कि लोग सरकारी विभागों का चक्‍कर लगाते रहते हैं और उनके काम नहीं होते हैं। कहा कि ग्राम विकास से संबंधित उनकी जायज़ मांगों पर समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की और केवल आश्वासन देते रहे। यदि संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करते, तो शायद ऐसी दुखद स्थिति उत्पन्न ही न होती। आरोप लगाया कि विकास योजनाओं की जानकारी तक आम जनता को नहीं दी जाती, लाभ मिलना तो बहुत दूर की बात है। महिलाओं ने बिहार में भरत तिवारी की हत्‍या पर भी नाराजगी जताई।

महिलाओं ने की यह मांग
ज्ञापन के माध्‍यम से मांग की कि सरकार के सभी विभागों में जनता की शिकायतों का समय पर समाधान किया जाए। अधिकारियों व कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का समय-समय पर निरीक्षण हो। नागरिकों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। किसी मामले में यदि कोई सरकारी कर्मचारी दोषी मिले तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। ज्ञापन देने वालों में रूपा गुप्ता, अंजू पुंडीर,गुड्डी वर्मा, संगीता सक्सेना, गीता मिश्रा, मंजू सिरोही, आराधना सिंह, विद्या,कमलेश सिंह,प्रतिभा झा,कुसुम प्रजापति व अन्‍य लोग शामिल थे।