द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क स्थित ईशान एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस का 32वां स्थापना दिवस श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन डॉ. डीके गर्ग के नेतृत्व में विधि-विधानपूर्वक यज्ञ हवन का आयोजन किया गया। यज्ञ हवन में संस्थान के सभी फैकल्टी सदस्य, अधिकारी एवं स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा संस्थान की निरंतर प्रगति, विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर डॉ. डीके गर्ग ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की सफलता केवल उसकी शैक्षणिक उपलब्धियों से नहीं, बल्कि उसके मूल्य, संस्कार, अनुशासन एवं समाज के प्रति जिम्मेदारी से भी निर्धारित होती है। उन्होंने कहा कि ईशान एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस ने अपने स्थापना काल से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने संस्थान के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से संस्थान निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है और भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।