द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना बीटा-2 पुलिस ने कंपनी के सर्विस वाल्व में धोखाधड़ी करने के आरोप में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2045 सर्विस वाल्व और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि 13 अगस्त को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को इंडेन एजेंसी के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार निवासी राजपुर कलां, दनकौर, विपिन कुमार निवासी भीकमपुर साहनी नगला, कन्नौज, विवेक निवासी फूलपुर, मैनपुरी, सुनीत कुमार निवासी नवादा, दनकौर और मनजीत सिंह निवासी इंदिरापुरम, गाजियाबाद के रूप में हुई है।
कंपनी में सर्विस वाल्व बनाए जाते हैं
पुलिस के मुताबिक सुनील, विपिन, विवेक और सुनीत साइट-4 स्थित एक कंपनी में काम करते थे। कंपनी में सर्विस वाल्व बनाए जाते हैं। आरोप है कि चारों कर्मचारी कंपनी से सर्विस वाल्व निकालकर मनजीत सिंह को बेचते थे और इसके बदले अवैध रूप से धन अर्जित करते थे।
10 हज़ार वाल्व कम मिले
मासिक ऑडिट के दौरान कंपनी में करीब 10 हजार सर्विस वाल्व कम पाए जाने के बाद कंपनी की ओर से थाना बीटा-2 में शिकायत दी गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसी कार्रवाई के दौरान पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
