-लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को समर्पित होगा आयोजन
-सविंदर भाटी के संयुक्त नेतृत्व में हो रहा आयोजन
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: गुर्जर समाज को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और नई ऊर्जा देने के लिए 29 अक्टूबर को दिल्ली के ऐतिहासिक तालकटोरा स्टेडियम में गुर्जर समाज एकजुटता महासम्मेलन होगा। यह आयोजन लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को समर्पित होगा। ऐतिहासिक महासम्मेलन अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के युवा, तेजतर्रार, जुझारू राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सविंदर भाटी के संयुक्त नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित हो रहा है। आयोजन देशभर के गुर्जर समाज को एक मंच पर लाने की पहल को सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रस्तावित आयोजन के जरिए गुर्जर समाज अपनी सामाजिक एकजुटता का बड़ा संदेश देने जा रहा है।

एक मंच पर होगा समाज
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सविंदर भाटी ने बताया कि सरदार पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को है, लेकिन उस दिन तालकटोरा स्टेडियम पहले से बुक होने के कारण राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी और वरिष्ठ पदाधिकारियों से चर्चा के बाद नई तारीख 29 अक्टूबर तय की गई है। उन्होंने कहा कि हमारा मकसद बिखरे हुए समाज को एक मंच पर लाना है। अखिल भारतीय गुर्जर महासभा की पूरी राष्ट्रीय टीम कार्यक्रम को सफल बनाने में लगी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी जी अपनी पूरी टीम को दिशा-निर्देश दे रहे हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से ताल्लुक रखने वाले सविंदर भाटी एक प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता, सफल रियल एस्टेट कारोबारी और गुर्जर समाज के बड़े नेता हैं। उनका नेटवर्क देश की बड़ी-बड़ी हस्तियों से जुड़ा है। उनके नेतृत्व में पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर तक गांव-गांव संपर्क अभियान युद्ध स्तर पर चल रहा है। अभियान में महासभा के महासचिव केपी कसाना भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। सविंदर भाटी ने बताया कि 29 अक्टूबर का मंच सिर्फ भाषणों का मंच नहीं होगा, यहां से समाज के भविष्य की रूपरेखा तय होगी। सम्मेलन में मांग की जाएगी कि गुर्जर युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार हेतु राष्ट्रीय स्तर पर हेल्पलाइन बने, हर जिले में गुर्जर छात्रावास और लाइब्रेरी बनाने का संकल्प, गरीब परिवारों के लिए सामूहिक विवाह और चिकित्सा सहायता योजना, गुर्जर इतिहास और सरदार पटेल के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अभियान और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए नई कार्यकारिणी की घोषणा।
