-स्‍कूल में सभी सुविधाओं का लिया जायजा
-व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर विद्यालय प्रबंधन को सराहा

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्ध नगर के प्राथमिक विद्यालय मथुरापुर की स्मार्ट क्लास एवं डिजिटल शिक्षण व्यवस्था ने निजी स्‍कूलों को टक्‍कर दी है। डीएम मेधा रूपम ने स्‍कूल पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। वहां पर संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति, स्मार्ट क्लास, खेल गतिविधियों, मिड-डे मील, स्वच्छता तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण में दौरान विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, स्मार्ट क्लास एवं डिजिटल शिक्षण व्यवस्था, खेल गतिविधियां, मिड-डे मील, स्वच्छता तथा मूलभूत सुविधाएं संतोषजनक एवं सुदृढ़ पाई गईं, जिस पर जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के कार्यों की सराहना की। डीएम ने निर्देश दिया कि विद्यालय में उपलब्ध सभी व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं को इसी प्रकार बेहतर और सुदृढ़ बनाए रखा जाए तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कार्यरत सभी शिक्षक उपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए प्रधानाचार्य को छात्रों की उपस्थिति में और वृद्धि करने के निर्देश दिए।

विद्यार्थियों से सुना पहाड़ा
निरीक्षण के दौरान डीएम ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई-लिखाई एवं शैक्षिक प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। गिनती तथा 15 से 20 तक के पहाड़े सुने, जोकि छात्रों द्वारा आसानी से सुनाए गए। विभिन्न कक्षाओं में जाकर डीएम ने विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम एवं शिक्षण गतिविधियों से संबंधित प्रश्न पूछे और शिक्षकों द्वारा कराए जा रहे शिक्षण कार्य की गुणवत्ता को परखा, जो कि संतोषजनक मिली। विद्यालय में उपलब्ध स्मार्ट क्लास एवं डिजिटल शिक्षण व्यवस्था का भी जिलाधिकारी द्वारा अवलोकन किया गया। निर्देशित किया कि स्मार्ट क्लास एवं स्क्रीन का उपयोग विषय की आवश्यकता एवं विद्यार्थियों की बेहतर समझ के लिए प्रभावी ढंग से किया जाए। साथ ही, शिक्षण कार्य में व्हाइट बोर्ड सहित पारंपरिक एवं आधुनिक दोनों शिक्षण विधियों का संतुलित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्यालय परिसर एवं विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई की व्यवस्था सुदृढ़ पाए जाने पर जिलाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा व्यवस्थाओं को इसी प्रकार बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार, प्रधानाचार्य प्राथमिक विद्यालय मथुरापुर, शिक्षकगण तथा अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।