-सड़क के साथ ही विद्युतीकरण का भी होगा काम
-प्राधिकरण अधिकारियों का दावा कुछ सप्ताह में शुरू होगा काम
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: शहर के सेक्टर व गांवों में करोड़ों रुपए से विकास कार्य कराने की योजना ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने तैयार की है। जिसमें सड़कों की रिसर्फेसिंग, ड्रेन को कवर करने, विभिन्न कार्यों का वार्षिक अनुरक्षण, विद्युतिकरण सहित अन्य कार्य कराए जाएंगे। इसके साथ ही शहर में विभिन्न स्थानों पर कुत्तों को खाना खिलाने के लिए स्थान का निर्माण भी किया जाएगा। 26 स्थानों पर कार्य कराए जाने के लिए प्राधिकरण ने टेंडर जारी कर दिया है। प्राधिकरण अधिकारियों का दावा है कि चयनित सभी स्थानों पर विकास कार्य जल्द शुरू करा दिया जाएगा। जिसका फायदा लाखों लोगों को होगा।
यहां होगा कार्य
प्राधिकरण के द्वारा सेक्टर 3 में चारदीवारी का काम कराया जाएगा। साथ ही सेक्टर 3 की आंतरिक सड़कों के रिसर्फेसिंग का काम भी होगा। सेक्टर पी-3 में ओपन जिम के साथ ही हट का निर्माण भी होगा। दनकौर-सिकंदराबाद रोड से दनकौर से गढ़ाना मार्ग पर रिसर्फेसिंग का काम कराया जाएगा। सेक्टर अल्फा एक में तीन वर्ष तक नाली सफाई, पटरी ड्रेसिंग, जंगल सफाई, रंगाई का काम होगा। मलकपुर प्राइमरी स्कूल में लाइट का काम, बोड़ाकी-पाली के अंडरपास में लाइट लगाने का काम होगा। सेक्टर ओमिक्रान दो, तीन, म्यू एक, थीटा, सेक्टर सिग्मा दो, तीन व चार के पार्कों में एलईडी हाईमास्ट लाइट लगाने सहित अन्य काम कराया जाएगा।
